खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आयी है जिसने न सिर्फ मानवता को शर्मसार किया है बल्कि माँ शब्द को भी कलंकित कर दिया है शहर के कैप्टन चौक इलाके में एक मां पर अपनी ही आठ माह की दुधमुंही बच्ची को तेजाब पिलाने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अलवर के शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उसके उपचार में जुटी हुई है। घटना के समय बच्ची का पिता मोहित रोजाना की तरह काम पर गया हुआ था। घर में उस समय उसकी पत्नी और आठ माह की बेटी ही मौजूद थीं। इसी दौरान महिला ने कथित रूप से अपनी ही बच्ची को तेजाब पिला दिया। परिजनों के अनुसार, कुछ देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसके मुंह और नाक से खून आने लगा तथा वह लगातार तड़पने लगी। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में उसे भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बच्ची की हालत बेहद नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर के शिशु अस्पताल रेफर कर दियाl बच्ची की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। अस्पताल में डॉक्टर राशि कौशिक के सुपरविजन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि तेजाब शरीर के अंदर जाने से बच्ची के आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बच्ची के पिता का कहना है की उसकी एक ही बेटी थी और उसकी पत्नी ने उसी को तेजाब पिला दिया। पिता का कहना है कि घटना के बाद से वह पूरी तरह टूट चुका है। बच्ची के नाक और मुंह से लगातार ब्लीडिंग हो रही थी, जिसे देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गए। पुलिस बच्ची की माँ से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलू से भी जांच कर रही है। साथ ही यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने इतनी खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं और मासूम बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। Post navigation देहरादून: विवाहित प्रेमिका से बिछड़ने का गम नहीं सह सका युवक, लाइव वीडियो कॉल पर दे दी जान उत्तराखंड ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस पटरी से उतरी,बड़ा हादसा होने से टला