मेहंदीपुर बालाजी में 17 अगस्त को मोरा माता मंदिर की पहाड़ी पर मिली अज्ञात युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार शादी के बाद आरोपी मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई. पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले गजेन्द्र उर्फ सोनू मीणा और विवेक मीणा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को ग्राम ब्रह्मबाद स्थित मोरा माता मंदिर की पहाड़ी पर करीब 22 वर्षीय युवती का शव झाड़ियों के बीच मिला था. युवती ने पीले रंग का सूट और सफेद सलवार पहन रखी थी, सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतका के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या मोबाइल फोन नहीं मिला. चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण उसकी पहचान करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी.

मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने दौसा के अलावा जयपुर, अलवर, करौली, सवाई माधोपुर, डीग, भरतपुर और धौलपुर जिलों में सूचना प्रसारित की. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कई जिलों और मध्य प्रदेश के संबंधित क्षेत्रों में भी मृतका की तस्वीरें भेजी गई. पुलिस टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और धर्मशालाओं जैसे सार्वजनिक स्थानों पर मृतका की तस्वीरें चस्पा कर पहचान में लोगों से सहयोग मांगा. इसी प्रयास के बाद पुलिस मृतका की पहचान स्थापित करने में सफल रही. पुलिस की लगातार तलाश के बाद आखिरकार आरोपियों की पहचान की जा सकी.

आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गजेन्द्र उर्फ सोनू मीणा के मृतका के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे. करीब तीन माह पहले आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से हो गई थी. पुलिस के अनुसार शादी के बाद मृतका आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाने लगी, इससे परेशान होकर आरोपी ने उससे पीछा छुड़ाने की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गजेन्द्र अपने साथी विवेक के साथ बाइक पर मृतका को लेकर मेहंदीपुर बालाजी पहुंचा. यहां सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में दोनों ने कथित तौर पर युवती की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने के प्रयास के पहलू को भी जांच में शामिल किया है.मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *