देहरादून के सहसपुर थाना इलाके के बैरागीवाला गांव में शनिवार को भाजपा नेता विनोद की हत्या के बाद रविवार को सांप्रदायिक हिंसा और भड़क गई। आक्रोशित लोगों ने हत्यारोपियों के दो घरों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद गांव से भागी भीड़ ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया जहां करीब आधे घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोकझोंक चली। शाम को फिर पत्थर बिछाकर हाईवे जाम कर दिया गया। तनाव को देखते हुए दून-पांवटा साहिब हाईवे पर शाम को आईटीबीपी तैनात कर दी गई। शाम को प्रशासन ने हत्यारोपियों का घर पूरी तरह जमींदोज कर दिया। इससे पहले दोपहर में दो दुकानें ढहाईं थीं। वैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने के विवाद में शनिवार को दूसरे समुदाय के करीब 40 लोगों ने भाजपा नेता विनोद और उनके भाइयों अशोक व राजेश पर हमला कर दिया। विनोद के सिर पर अमन समेत कई लोगों ने हथौड़े से वार कर दिया, अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अशोक और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश पनप गया। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग गांव में जुट गए। कुछ लोगों ने हत्यारोपियों के दो घरों में आग लगा दी। पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। गांव से भागे प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम करने की कोशिश की, लेकिन वहां भी पुलिस ने बलपूर्वक सभी को हटा दिया। इस दौरान कुछ वाहनों को भी जला दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों के साथ भाजपा कार्यकर्ता और हिंदू संगठनों की 500 से अधिक की भीड़ आरोपी के घर पहुंच गई। इसके बाद आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं शुरू हो गईं। बढ़ते तनाव के बीच प्रशासन ने पैमाइश कर दो आरोपियों के मकानों की चहारदीवारी और दो दुकानें बुलडोजर से ढहा दीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बैरागीवाला गांव में शनिवार की रात ही घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। हिंदू समाज के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। आसपास के क्षेत्रों से बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। रात में कुछ लोगों ने धर्मस्थल और आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दून-पांवटा राजमार्ग जाम कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। लकड़ियां रखने के लिए बनाए गए कमरे और एक बाइक में भी आग लगा दी गई। उग्र भीड़ ने एक ट्रैक्टर को पलटकर नीचे गिरा दिया। पूरे क्षेत्र में नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ व बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन ने करीब 11.30 बजे मौके पर पैमाइश कर दो मकानों की चहारदीवारी बुलडोजर से ढहा दी हालांकि प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नहीं हुए। कुछ लोग निजी जेसीबी लेकर मकान गिराने पहुंच गए लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर मशीन को वापस भेज दिया। Post navigation पत्नी के प्राइवेट वीडियो वायरल करके फेमस होना चाहता था पति, हो गई जेल सहसपुर के बैरागीवाला में भड़के बवाल के बाद 25 मुस्लिम परिवार छोड़ गए घर, मस्जिद पर भी ताला