दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार सुबह 3 बजे तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई।आरोप है कि एक 16 वर्षीय युवती को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। मेडिसिन विभाग में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे गायनी विभाग भेजा, जहां आवश्यक जांच के लिए रक्त का नमूना लिया गया। इसी दौरान तीमारदारों ने आरोप लगाया कि जरूरत से अधिक रक्त निकाल लिया गया और वे नर्सिंग स्टाफ से बहस करने लगे। ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि तीमारदार जबरन अंदर घुसने लगे। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। एक महिला सुरक्षाकर्मी के सिर पर बोतल से हमला किया गया, जबकि दूसरी के पेट में लात मारी गई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है । शोर सुनकर पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को धारा चौकी ले गई। घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी पर अधिकांश समय पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। Post navigation कोटद्वार: पेड़ पर लटके मिले नवदम्पती के शव, पुलिस जांच में जुटी देहरादून: प्रेमनगर नंदा की चौकी का 16 करोड़ का नया पुल धंसा